थानेदार और मुख्य आरक्षी ने होमगार्ड को लात-घूसों से पीटा, थाने पर बैठाए रखा


सतांव (रायबरेली)। आरोपी के थाने से भाग जाने से खफा थानेदार और मुख्य आरक्षी ने होमगार्ड को न सिर्फ लात-घूंसों से पीटा, बल्कि रात 11 बजे तक थाने पर बैठाए रखा। मंगलवार को साथी की पिटाई से अन्य होमगार्ड आक्रोशित हो गए। होमगार्डों ने जिला होमगार्ड कमांडेंट बृजेश मिश्रा के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई करने की बात कही। एसपी ने सीओ लालगंज को प्रकरण की जांच सौंपी है।

गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सुमेरपुर गांव निवासी होमगार्ड रामशंकर की डयूटी थाने पर लगी है। सोमवार दोपहर गुरुबख्शगंज थानेदार इंद्रपाल सिंह किसी मामले में एक युवक को पकड़कर थाने लाए थे। उन्होंने होमगार्ड से युवक पर नजर रखने के लिए कहा था। शाम को थाने पर पीस कमेटी की बैठक थी।
होमगार्ड का आरोप है कि पीस कमेटी की बैठक के बाद थानेदार ने उसे गुटाखा लाने के लिए भेज दिया। जब वह लौटकर आया तो थाने पर आरोपी युवक नहीं था। बस इतनी सी बात को लेकर थानेदार और मुख्य आरक्षी संतोष कुमार सिंह ने उसकी लात-घूसों से पिटाई कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि मुख्य आरक्षी ने ही युवक को छोड़ा था। बाद में उसे जबरन लिखा लिया कि उसकी लापरवाही से आरोपी युवक फरार हुआ है। बेवजह उसे रात 11 बजे तक थाने पर बैठा रखा गया।

होमगार्ड रामशंकर ने थानेदार और मुख्य आरक्षी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सीओ लालगंज को जांच सौंप करके तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।
आलोक प्रियदर्शी, एसपी

थानेदार और मुख्य आरक्षी ने होमगार्ड के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। शिकायत पर थानेदार इंद्रपाल सिंह एसपी कार्यालय आए और उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
बृजेश मिश्रा, जिला होमगार्ड कमाडेंट


होमगार्ड की लापरवाही से थाने से आरोपी युवक भाग गया था। इस पर उसे सिर्फ चेतावनी दी गई थी। उसके साथ कोई मारपीट नहीं की गई। होमगार्ड काफी समय से थाने पर डयूटी कर रहा था। ऐसी कोई बात कभी नहीं हुई। बेवजह का आरोप लगाया गया।
इंद्रपाल सिंह, थानेदार, गुरुबख्शगंज

Comments

Popular posts from this blog

शिया कालेज में हुआ मुकाबलए हुस्ने क़ेरात का आयोजन

लोक अदालत में मुक़दमों का हुआ निस्तारण

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने देश और दुनिया में खुशबू फैलाने का काम किया है शिया रहनुमा -मौलाना यासूब अब्बास।